होमी भाभा विज्ञान शिक्षा केन्द्र
![]() |
होमी भाभा विज्ञान शिक्षा केन्द्र (HBCSE) मुम्बई स्थित टाटा मूलभूत अनुसंधान संस्थान (TIFR) का एक राष्ट्रीय केन्द्र है । देश में विज्ञान और गणित शिक्षा में समता और उत्कृष्टता को बढावा देना, तथा जनमानस में वैज्ञानिक प्रवृत्ति को प्रोत्साहित करना इस केन्द्र के ध्येय हैं । इन उद्देश्यों की पूर्ति के लिए यह केन्द्र कई तरह के परस्पर सम्बद्ध कार्यों में संलग्न है जैसे न्यून-निष्पादन वाले छात्रों के लिए उपचारात्मक अध्यापन विद्या का विकास, कम कीमत के प्रायोगिक उपकरणों का विकास, विज्ञान के इतिहास पर प्रदर्शनी, शिक्षक अभिविन्यास, पाठ्यक्रम, सह-पाठ्यक्रम और व्याख्यात्मक पुस्तकों और सामग्रियों का विकास, मेधावी छात्रों के लिए प्रतिभा पोषण कार्यक्रम और विज्ञान शिक्षा के लिए प्रगत प्रयोगशालाओं का विकास । केन्द्र का अनुसंधान एवं विकास कार्य विज्ञान शिक्षा के संज्ञानात्मक और सामाजिक पहलुओं तथा विज्ञान के इतिहास से सुविज्ञ है । होमी भाभा विज्ञान शिक्षा केन्द्र गणित, भौतिकी, रसायन, जीवविज्ञान तथा खगोल-विज्ञान में ओलंपियाड का राष्ट्र का अग्रणी केन्द्र है। |
|
सूचना तथा संचार प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आयी क्रान्ति ने आज समूचे वैश्विक परिदृश्य को बदल दिया है। दूरियाँ तेजी से सिमट रही हैं तथा पूरी दुनिया एक विश्वग्राम में तब्दील हो रही है। विगत वर्षों में भारत ने सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में जबरदस्त कामयाबी हासिल की है और इसने जीवन के तमाम क्षेत्रों को प्रभावित किया है। जनसंचार माध्यमों में इलेक्ट्रॉनिक माध्यम का दायरा बहुत व्यापक है। इसमें रेडियो, टेलीविजन, फिल्म, प्रोजेक्टर तथा बाईस्कोप शामिल हैं। विगत कुछ वर्षों में तरक्की के चलते डिजिटल माध्यम एक सशक्त तथा प्रभावी विधा के रूप में उभरा है जिसमें दृश्य, श्रव्य, वीडियो, एनिमेशन और अनुरूपण के द्वारा सूचना को प्रभावी तरीके से लक्ष्य वर्ग तक पहुंचाया जा सकता है। शिक्षा में बेहतर अधिगम के लिए ई-सामग्री बहुत उपयोगी पायी गयी है तथा इन दिनों ई-सामग्री के विकास पर काफी बल दिया जा रहा है। इसी पृष्ठभूमि में होमी भाभा विज्ञान शिक्षा केन्द्र ने शैक्षिक ई-सामग्री के विकास की दिशा में पहल की है । हिन्दी संसार तथा उसकी आवश्यकताएँ बहुत बड़ी और व्यापक है। होमी भाभा विज्ञान शिक्षा केन्द्र के इस प्रयास को इसी परिप्रेक्ष्य में देखा जाना चाहिए। |
![]() |



